उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज गर्जना को लेकर चेतावनी जारी की है।
रविवार को नैनीताल और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं देहरादून, टिहरी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चंपावत और पिथौरागढ़ में भी बारिश होने के आसार हैं। इसके अलावा अन्य पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर के लिए भी गर्जन और आकाशीय बिजली को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 6 जुलाई को उधम सिंह नगर, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही पहाड़ी जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज से अति तीव्र बारिश के दौर पड़ने की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
7 जुलाई को भी देहरादून, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने, नदी-नालों के आसपास जाने से बचने और अनावश्यक यात्रा से परहेज करने की सलाह दी है। विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव की आशंका को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।


