उत्तराखंड में हाईवे पर महिलाओं के साथ अभद्रता और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवकों पर महिलाओं के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि युवक शराब के नशे में थे। महिलाओं की शिकायत और घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चारों युवकों को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक, महिलाओं का एक समूह अपनी कार से हाईवे पर सफर कर रहा था। इसी दौरान बहादराबाद टोल से पहले दिल्ली नंबर की कार में सवार चार युवक उनके पीछे लग गए। आरोप है कि युवकों ने महिलाओं की गाड़ी रोकने की कोशिश की और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्रता की। महिलाओं के विरोध के बावजूद युवक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
महिलाओं ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कार सवार युवक महिलाओं के साथ बहस और अभद्रता करते दिखाई दे रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर को सूचना दी। उनके निर्देश पर बहादराबाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को रुकवाया और चारों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, महिलाओं की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने सफेद रंग की वैगनआर कार को सीज करने के साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि पुलिस कार्रवाई के दौरान चारों युवकों ने हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने की बात कही। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


