उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में शनिवार को नए अकादमिक ब्लॉक एवं अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का भविष्य शिक्षा, शोध, नवाचार और युवाओं की क्षमता पर निर्भर करता है तथा राज्य सरकार इन क्षेत्रों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष पूरे कर लिए हैं। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत ढांचे, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार आगे भी विकास की इसी गति को बनाए रखेगी।
उन्होंने ग्राफिक एरा की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान ने शिक्षा, शोध और कौशल विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। भीमताल परिसर में निर्मित नया अकादमिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शोध और नवाचार को भी नई दिशा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने में ग्राफिक एरा की भूमिका सराहनीय है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों के लिए ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना के तहत निशुल्क प्रोफेशनल कोर्स की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शिक्षा का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और अन्य उभरती तकनीकों से जुड़े पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दे रही है। साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसी परियोजनाओं के माध्यम से वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
युवा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए धामी ने कहा कि बदलते दौर में सफलता उन्हीं को मिलेगी जो लगातार सीखते रहें, नवाचार को अपनाएं और चुनौतियों का सामना करने का साहस रखें। उन्होंने विद्यार्थियों से रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजक बनने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप, इनोवेशन और उद्यमिता को लगातार बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों और कौशल छात्रवृत्ति योजना के तहत चयनित छात्रों को सम्मानित किया। धामी सरकार के पाँच वर्ष पूरे होने पर ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, विधायक प्रताप सिंह बिष्ट, ग्राफिक एरा ग्रुप के चेयरमैन कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


