हल्द्वानी। गांधी जयंती की छुट्टी और वीकेंड के चलते कैंची धाम, भवाली और भीमताल में श्रद्धालुओं व पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए पुलिस ने 2 से 4 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। इस दौरान कई मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा, जबकि श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
बाहरी जिलों से भीमताल की ओर से कैंची धाम आने वाले निजी वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में रोका जाएगा। वाहन पार्क करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा या सार्वजनिक परिवहन के जरिए भवाली होते हुए कैंची धाम भेजा जाएगा। दर्शन के बाद वापसी के लिए भी इसी व्यवस्था का इस्तेमाल किया जाएगा।
गेठिया-नैनीताल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए भवाली सैनेटोरियम में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। यहां वाहन खड़े करने के बाद श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए कैंची धाम पहुंचाया जाएगा। कैंची धाम और भवाली में यातायात का दबाव कम करने के लिए अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी की ओर आने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट किया जाएगा। जरूरत के अनुसार इन्हें रामगढ़ और मुक्तेश्वर मार्ग से हल्द्वानी भेजा जाएगा।
पर्वतीय क्षेत्रों के लिए आवश्यक सेवाओं से जुड़े भारी वाहनों को निर्धारित रूट से जाने की अनुमति रहेगी। अन्य भारी वाहनों को भवाली के सैनेटोरियम तिराहे पर रोककर यातायात की स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से आगे भेजा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर इन्हें रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से निकाला जाएगा।
भवाली से पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को यातायात के दबाव के अनुसार रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग से भेजा जा सकता है। वहीं पहाड़ों से आने वाले वाहनों को जरूरत पड़ने पर क्वारब-रामगढ़-नथुवाखान बाईपास मार्ग से निकाला जाएगा। वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र में टैक्सी और दोपहिया टैक्सी वाहनों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस ने जाम से बचने के लिए निर्धारित पार्किंग और शटल सेवा का इस्तेमाल करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड, पुलिस और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों के लिए विशेष कॉरिडोर रखा जाएगा। इससे भीड़ और जाम के बीच भी आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही सुचारु बनी रहेगी।


