उत्तराखंड में सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। भाजपा पार्षद के घर घरेलू सहायक ने परिवार को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद घरेलू सहायक अपने चार साथियों के साथ घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला देहरादून के बसंत विहार क्षेत्र में बल्लीवाला चौक स्थित नाथ वाटिका के पास का है। यहां भाजपा पार्षद अमिता सिंह अपने परिवार के साथ रहती हैं। घटना के बाद अमिता सिंह की तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें सिनर्जी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके पति महिपाल सिंह और बेटे शुभम सिंह की हालत फिलहाल ठीक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पार्षद की बेटी मेघ ने करीब 20 दिन पहले दिल्ली से नेपाल मूल के एक व्यक्ति को घरेलू कामकाज के लिए घर पर रखा था। आरोप है कि मंगलवार रात घरेलू सहायक ने भोजन में नशीला पदार्थ मिला दिया। खाना खाने के बाद परिवार के सदस्य बेहोशी की हालत में पहुंच गए।आरोप है कि परिवार के सदस्यों के बेहोश होने के बाद घरेलू सहायक ने अपने चार अन्य साथियों को घर में बुलाया। इसके बाद पांचों आरोपितों ने घर में रखे सोने के आभूषण समेटे और मौके से फरार हो गए। परिवार को जब होश आया तो घर से आभूषण गायब मिले। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के अनुसार घटना के बाद घरेलू सहायक समेत पांचों आरोपित घर से बाहर निकलते हुए सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपितों की पहचान और उनके संभावित ठिकानों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात की साजिश पहले से तैयार की गई थी या फिर आरोपितों ने मौके का फायदा उठाकर घटना को अंजाम दिया। घरेलू सहायक के घर में काम पर रखे जाने, उसके संपर्कों और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। करीब 20 दिन पहले घर में काम पर रखे गए घरेलू सहायक पर ही परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करने और साथियों के साथ मिलकर आभूषण चोरी करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।


