हल्द्वानी: शहर में विवाह समारोहों के दौरान यातायात व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर अब नैनीताल पुलिस सख्ती करेगी। शादी समारोहों में बारात निकालने से लेकर डीजे, बैंड और पार्किंग तक के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस ने साफ कर दिया है कि रात 10 बजे के बाद डीजे और बैंड नहीं बजेंगे, जबकि बारात बैंक्वेट हॉल से कम से कम 100 मीटर पहले से शुरू करनी होगी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर शनिवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी में एसपी हरबंस सिंह ने बैंक्वेट हॉल संचालकों, डीजे और बैंड संचालकों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक में हल्द्वानी, बनभूलपुरा, मुखानी और काठगोदाम क्षेत्र के संचालक शामिल हुए। अधिकारियों ने बताया कि शादी समारोहों के दौरान सड़क पर बारात निकालने, तेज आवाज में डीजे बजाने और बेतरतीब पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। इसे देखते हुए सभी संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस के मुताबिक, बारात बैंक्वेट हॉल से 100 मीटर पहले चढ़ानी होगी और रात 10 बजे के बाद डीजे-बैंड बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। बैंक्वेट हॉल के अंदर और आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ सुरक्षा के लिए वालंटियर तैनात करने होंगे। आयोजकों को बारात की बुकिंग और कार्यक्रम की जानकारी पहले से संबंधित थाना प्रभारी को देनी होगी तथा आवश्यक अनुमति भी लेनी होगी। समारोह में किसी भी बाराती को असलाह लेकर आने की अनुमति नहीं होगी।
वाहनों की पार्किंग बैंक्वेट हॉल परिसर में ही करानी होगी। मुख्य सड़क पर वाहन खड़े करने पर कार्रवाई की जाएगी। बैंड संचालकों को छोटी ट्रॉली के साथ सड़क किनारे चलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कैटरर्स, डीजे और बैंड संचालकों का सत्यापन कराने तथा सड़क के बीच या भीड़भाड़ वाले स्थानों पर खतरनाक आतिशबाजी नहीं करने की हिदायत दी गई है।
एसपी हरबंस सिंह ने कहा कि विवाह समारोहों के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। पुलिस अपने-अपने क्षेत्रों में बारातों और समारोहों पर नजर रखेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में संबंधित थानों के प्रभारी निरीक्षक, यातायात पुलिस के अधिकारी, चौकी प्रभारी और विभिन्न बैंक्वेट हॉल, डीजे व बैंड संचालक मौजूद रहे।



