उत्तराखंड में मानसून की आधिकारिक दस्तक से पहले ही मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार शाम राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। मौसम विभाग ने शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और नैनीताल जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया था, जो पूरी तरह सटीक साबित हुआ।
देहरादून में कुछ ही घंटों की बारिश ने शहर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और सड़कें पानी में डूब गईं। तेज बारिश के साथ आए आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए।
लगातार बारिश के चलते देहरादून की रिस्पना नदी भी उफान पर आ गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
मौसम विभाग ने पहले ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को सतर्क रहने के निर्देश जारी कर दिए थे। देहरादून मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, प्रदेश में 6 जून तक मौसम का यही मिजाज बने रहने की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य के अधिकांश हिस्सों के लिए 6 जून तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज बारिश, गर्जन के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की आशंका बनी रहेगी। नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।


