उत्तराखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तराखंड मौसम विभाग ने नैनीताल जिले के लिए 19 मार्च को ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और झक्कड़ (50-60 किमी/घंटा की गति वाली तेज़ हवाएँ) चलने की संभावना है।
मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर नैनीताल जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में मौसम से उत्पन्न किसी भी घटना से तत्परता से निपटने के लिए सभी अधिकारी और तैनात कार्मिक अलर्ट पर रहें।
विशेष रूप से भूस्खलन, पेड़ गिरने और मोटर मार्गों पर मलुवा आने जैसी घटनाओं के लिए त्वरित निस्तारण की तैयारी रखने को कहा गया है।
लोक निर्माण विभाग के सभी खंडों द्वारा संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीन और गैग कार्मिकों की 24×7 तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।
जिला, परगना और विकास खंड स्तर पर आपदा प्रबंधन-IRS प्रणाली के नामित अधिकारी अपने-अपने मुख्यालय पर हाई अलर्ट पर रहेंगे। तहसील स्तर पर गठित QRT टीमें भी अलर्ट पर रहेंगी। अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चालू रखने और हर घंटे आपदा से संबंधित जानकारी तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।


