नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने इंडियन फ़ॉरेस्ट सर्विस (IFS) के एक अधिकारी की याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया है। अधिकारी ने सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टीगेशन (सीबीआई ) को उनके खिलाफ मुकदमा चलाने की दी गई मंज़ूरी को चुनौती दी थी। यह मामला जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क में कथित अवैध निर्माण और बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई से जुड़ा है।
मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ के समक्ष हुई। जस्टिस बागची ने कहा कि लॉगबुक में अलग-अलग सागौन के पेड़ों के संबंध में गलत प्रविष्टियां की गईं, जो प्रथम दृष्टया जालसाज़ी, धोखाधड़ी और पद के दुरुपयोग का मामला बनता है।
उन्होंने टिप्पणी की, “अगर यह कहा जा रहा है कि कानूनी सलाह दी गई थी कि कोई अपराध नहीं हुआ, तो यह तर्क कैसे दिया जा सकता है कि तथ्यों की दोबारा जांच की गई है?”
पीठ को बताया गया कि पहले अभियोजन की मंज़ूरी से इनकार किया गया था, लेकिन बाद में दूसरी मंज़ूरी दे दी गई। इस पर जस्टिस बागची ने याचिकाकर्ता के वकील से कहा, “अगर आप आगे बहस करते हैं, तो हम यह मानने को तैयार हो जाएंगे कि आपके खिलाफ आरोप तय करने का यह उपयुक्त मामला है। मंज़ूरी के मुद्दे को भूल जाइए।”
कानूनी सलाह पर टिप्पणी करते हुए CJI ने कहा कि यदि यह सलाह किसी न्यायिक अधिकारी ने दी है, तो उसका आचरण स्वयं जांच का गंभीर विषय बन सकता है। उन्होंने कहा, “अगर वह भविष्य में पदोन्नत होकर जिला जज बनता है, तो हमें बहुत सावधानी बरतनी होगी। हम इसकी जांच करना चाहेंगे।”
जस्टिस बागची ने यह भी कहा कि जब पारिस्थितिक रूप से संवेदनशील टाइगर रिज़र्व में जालसाज़ी के आरोप सामने आते हैं, तो केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं मानी जा सकती। अदालत ने यह भी नोट किया कि कथित अवैध कटाई को “बोनाफाइड फेलिंग” के रूप में दिखाया गया था और पूछा कि क्या यह आपराधिक अपराध नहीं है।
इससे पहले, 11 नवंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारी के खिलाफ अवमानना (कंटेम्प्ट) की कार्यवाही बंद कर दी थी, जब उन्होंने बिना शर्त माफी मांग ली थी। यह अवमानना नोटिस इसलिए जारी हुआ था क्योंकि अधिकारी ने CBI केस में अपने अभियोजन पर रोक लगाने के लिए Uttarakhand High Court का रुख किया था, जबकि मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित था।
उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार के उस आदेश पर रोक लगा दी थी, जिसमें अधिकारी—जो कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व के पूर्व निदेशक भी रह चुके हैं—के खिलाफ अभियोजन की मंज़ूरी दी गई थी।
15 अक्टूबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने इस घटनाक्रम पर कड़ी नाराज़गी जताई थी और सवाल किया था कि जब मामला उसके समक्ष लंबित था, तब हाईकोर्ट ने उस आदेश के खिलाफ अपील पर सुनवाई कैसे की। शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के आदेश पर रोक लगाते हुए न्यायिक रिकॉर्ड अपने पास मंगा लिए थे। बाद में अधिकारी की 21 वर्षों की “बेदाग सेवा” और बिना शर्त माफी को ध्यान में रखते हुए अवमानना कार्यवाही समाप्त कर दी गई थी।
हालांकि, अब अदालत ने स्पष्ट कर दिया है कि अभियोजन की मंज़ूरी को चुनौती देने वाली याचिका पर वह हस्तक्षेप नहीं करेगी, और जांच तथा आपराधिक कार्यवाही कानून के अनुसार आगे बढ़ सकती है।


