उत्तराखंड में सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। चंपावत में सड़क खुलने का इंतजार कर रही कार पर पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से एक युवक की जान चली गई। वहीं, हरिद्वार के पथरी क्षेत्र में बाइक और टेंपो ट्रैवलर की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक में घाट-पनार मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। मसान देवता मंदिर के पास सड़क बंद होने के कारण एक कार चालक ने वाहन रोक रखा था। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर खिसककर कार के ऊपर जा गिरा। हादसे में कार सवार पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, गंगोलीहाट के टिम्टा गांव निवासी पांच लोग अल्टो कार संख्या UK 05 TA 2878 से पिथौरागढ़ की ओर जा रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे सड़क बंद होने के कारण चालक ने वाहन रोक दिया। इसी दौरान पहाड़ी से बोल्डर गिर गया। हादसे के वक्त दो युवक कार के अंदर थे, जबकि तीन युवक बाहर खड़े थे। सभी बोल्डर और मलबे की चपेट में आकर घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व, फायर, एसडीआरएफ और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत-बचाव टीमों ने घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल संदीप कुमार (35) ने लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। हादसे में सौरभ कुमार (24), सुनील कुमार (23), सुभाष चंद्र (44) और सुजल कुमार (17) घायल हुए हैं। इनमें एक घायल की हालत गंभीर बताई गई है, जिसे चंपावत रेफर किया गया।
दूसरा हादसा हरिद्वार जिले के पथरी थाना क्षेत्र में सोमवार को हुआ। लक्सर-हरिद्वार मार्ग पर पदार्था गांव के पास बाइक और सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पंचायत नसीरपुर कलां के झबीरन गांव निवासी अनुज (25) और आशीष (20) बाइक से घर लौट रहे थे। पदार्था के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे टेंपो ट्रैवलर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल आशीष का उपचार शुरू किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।


