उत्तराखंड में निर्वाचन आयोग ने एक बार फिर निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। ऊधम सिंह नगर जिले की नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौलीकलां में अध्यक्ष और सदस्यों के चुनाव कराए जाएंगे। राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार, 7 सितंबर 2026 को चुनाव की अधिसूचना जारी करते हुए मतदान के लिए 22 सितंबर और मतगणना के लिए 24 सितंबर की तारीख तय की है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, दोनों नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष और सदस्यों का निर्वाचन निर्धारित प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा। संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी 8 सितंबर 2026 को अपने स्तर से निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा विवरण, आरक्षण की स्थिति और चुनाव से जुड़ी अन्य जानकारी जारी करेंगे। चुनाव के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री भी 8 सितंबर से शुरू हो जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 और 11 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकेंगे। 12 सितंबर को सुबह 10 बजे से नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद 13 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 14 सितंबर को सुबह 10 बजे से कार्य समाप्ति तक प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
दोनों नगर पालिका परिषदों में 22 सितंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा, जबकि 24 सितंबर को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और कार्य समाप्ति तक जारी रहेगी। नामांकन, जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन से संबंधित कार्रवाई जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से निर्धारित स्थानों पर रिटर्निंग ऑफिसर और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की निगरानी में होगी।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि चुनावी कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जा सके। यह निर्वाचन भारत के संविधान के अनुच्छेद 243 और उत्तर प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1916 के उत्तराखंड में यथासंशोधित एवं प्रवृत्त प्रावधानों के तहत कराया जाएगा।


