उत्तराखंड सरकार ने प्रदेश में रोजगार, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जनकल्याण से जुड़े कई बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 23 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1700 रुपये की बढ़ोतरी, वन आरक्षी भर्ती में आयु सीमा बढ़ाने, हरिद्वार में पीआरटी कॉरिडोर निर्माण और वन भूमि पर बसी आबादी को राहत देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कैबिनेट ने आशा कार्यकर्ताओं का मासिक मानदेय 8300 रुपये से बढ़ाकर 10 हजार रुपये करने पर सहमति दी। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में बढ़ोतरी को लेकर अंतिम निर्णय लेने का अधिकार मुख्यमंत्री को दिया गया है। वन आरक्षी भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 25 से बढ़ाकर 28 वर्ष कर दी गई है। यह छूट 31 दिसंबर 2028 तक प्रभावी रहेगी।
हरिद्वार में बढ़ती यातायात समस्या से निपटने के लिए 21.08 किलोमीटर लंबाई के तीन पीआरटी कॉरिडोर विकसित किए जाएंगे। इन पर कुल 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15 किलोमीटर लंबा होगा। इसके अलावा भवन निर्माण और बिल्डिंग बायलॉज में भी राहत देने का फैसला लिया गया है। राज्य में भूमि उपयोग परिवर्तन की दरों में करीब 25 प्रतिशत की कटौती की गई है।
बिंदुखत्ता और बापूग्राम सहित वन क्षेत्रों में वर्षों से रह रही आबादी के मामले में भी सरकार ने कदम आगे बढ़ाया है। बापूग्राम की 594 एकड़ आरक्षित वन भूमि समेत बिंदुखत्ता और अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को डी-नोटिफाई करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी है। इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों के लिए सामाजिक सुरक्षा कोष बनाया जाएगा। वहीं, चीनी मिलों को वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से सरकार 207.75 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी उपलब्ध कराएगी। कर्मचारी राज्य बीमा योजना के फार्मा संवर्ग में संशोधन के बाद अब डी फार्मा के साथ बी फार्मा योग्यता वाले अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकेंगे।
चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पीजी करने वाले डॉक्टरों के लिए दो वर्ष का अनिवार्य सेवा बॉन्ड लागू किया जाएगा। उत्तराखंड एक्सरे प्राविधिक सेवा संशोधन नियमावली को भी स्वीकृति दी गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं के बेहतर संचालन और रखरखाव से संबंधित प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।
इसके अलावा खनन विभाग के जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की शुल्क दर पांच से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दी गई है, जबकि रॉयल्टी की दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया। आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह नए पद बनाए जाएंगे। सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद स्वीकृत किया गया है।
कैबिनेट ने महाधिवक्ता सेवा अधिष्ठान कर्मचारी सेवा नियमावली, सेतु आयोग में आईटी से जुड़े पदों और पंचम विधानसभा के सत्रावसान को भी मंजूरी दी। अधीनस्थ राजस्व कार्यपालक नियमावली तैयार करने के लिए मंत्रिमंडल उपसमिति बनाई जाएगी। वहीं, प्रदेश में कार्य नहीं करने के कारण एनएचआईडीसीएल को सूचीबद्धता से हटाने का निर्णय लिया गया।



