उत्तराखंड में खौफनाक घटनाक्रम सामने आया है। मोतीचूर में हुए 65 वर्षीय खजानी देवी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, पुश्तैनी जमीन के विवाद में उनकी बेटी शिल्पा थापा ने अपने प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आया कि शिवनारायण पांडे ने खजानी देवी का गला दबाया और इसके बाद उनका सिर पानी से भरी बाल्टी में डुबो दिया। घटना के बाद दोनों ने मकान पर बाहर से ताला लगाया और वहां से चले गए। पुलिस का कहना है कि वारदात के दौरान पड़ोस में पूजा-पाठ होने के कारण काफी शोर था।
पुलिस जांच के अनुसार, शिल्पा ने शिवनारायण को बताया था कि ग्राम काटल गडूल, रानीपोखरी में उसकी मां खजानी देवी के नाम कई बीघा पुश्तैनी जमीन है। शिल्पा का आरोप था कि उसकी मां और भाई संजय पुंडीर जमीन का कुछ हिस्सा बेच चुके हैं और बाकी जमीन भी बेच रहे हैं, लेकिन उसे पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा नहीं दिया जा रहा। जमीन बेचने से मिलने वाली रकम में हिस्सा नहीं मिलने की बात भी उसने शिवनारायण से कही थी।
पुलिस के अनुसार, शिल्पा ने शिवनारायण से अपनी मां को सौतेली मां बताया था। मार्च 2026 में भूपतवाला, हरिद्वार के एक होटल में दोनों की मुलाकात हुई थी। दोनों वहां काम करते थे और बाद में उनके बीच प्रेम संबंध हो गया। जुलाई में शिवनारायण नौकरी के सिलसिले में मुंबई चला गया, जबकि शिल्पा ने भी नौकरी छोड़ दी। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा।
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय बाद शिल्पा ने शिवनारायण को बताया कि उसकी मां फिर जमीन बेचने की तैयारी कर रही है। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर खजानी देवी की हत्या कर जमीन बेचकर वहां से दूर चले जाने की योजना बनाई। पुलिस पूछताछ में शिवनारायण ने बताया कि उस पर लाखों रुपये का कर्ज था और कर्ज चुकाने के उद्देश्य से वह इस योजना में शामिल हुआ।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर में शिवनारायण और शिल्पा खजानी देवी के कमरे पर पहुंचे। पूछताछ में शिवनारायण ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने मामले में दोनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


