उत्तराखंड में बुधवार को शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। 11 नवंबर 2026 को जारी आदेश के तहत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) और प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) के कुल 30 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में मुख्य विकास अधिकारियों, अपर जिलाधिकारियों, संयुक्त मजिस्ट्रेट और नगर आयुक्तों समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई तैनाती की गई है।
प्रशासनिक बदलाव में हल्द्वानी और काशीपुर नगर निगम के नगर आयुक्त भी बदल दिए गए हैं। हल्द्वानी के नगर आयुक्त परितोष वर्मा को काशीपुर नगर निगम भेजा गया है, जबकि ऊधमसिंह नगर में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात आईएएस अधिकारी आशिमा गोयल को हल्द्वानी नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। काशीपुर के नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आईएएस अधिकारी अभिनव शाह को मुख्य विकास अधिकारी देहरादून के पद से हटाकर अपर सचिव पर्यटन और अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी पर्यटन विकास परिषद बनाया गया है। दीपक सैनी को सीडीओ पिथौरागढ़ से सीडीओ देहरादून भेजा गया है, जबकि प्रवीण कुमार को मुख्य विकास अधिकारी पिथौरागढ़ की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रतीक्षारत चल रहीं अनामिका को सीडीओ अल्मोड़ा बनाया गया है। वहीं, दीपक रामचंद्र सेठ को संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की से सीडीओ चमोली और राहुल आनंद को संयुक्त मजिस्ट्रेट देहरादून से सीडीओ उत्तरकाशी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा गौरी प्रभात को संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी से रुड़की और दीक्षिता जोशी को संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत से संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर भेजा गया है।
पीसीएस अधिकारियों के फेरबदल में जीवन सिंह नगन्याल को अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल से आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर तथा प्रधान प्रबंधक चीनी मिल किच्छा बनाया गया है। विलक्षण सिंह मर्तोलिया को आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर से अपर आयुक्त कुमाऊं मंडल की जिम्मेदारी दी गई है।
अभिषेक त्रिपाठी को सीडीओ चमोली से निदेशक पंचायती राज, रामजी शरण शर्मा को सीडीओ अल्मोड़ा से अपर निदेशक आईटीडीए और जय भारत सिंह को सीडीओ उत्तरकाशी से अपर निदेशक शहरी विकास निदेशालय बनाया गया है।
श्याम सिंह राणा को अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग से अपर नगर आयुक्त देहरादून भेजा गया है। नारायण सिंह नबियाल को अपर जिलाधिकारी बागेश्वर से अपर जिलाधिकारी चमोली और विवेक प्रकाश को अपर जिलाधिकारी चमोली से अपर आयुक्त गन्ना एवं चीनी काशीपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पंकज कुमार उपाध्याय को अपर जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर से अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार बनाया गया है। कौस्तुभ मिश्रा को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऊधमसिंह नगर से उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर भेजा गया है। स्मिता परमार को अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी के पद से नगर आयुक्त रुड़की बनाया गया है।
निर्मला बिष्ट को उप निदेशक मंडी परिषद रुद्रपुर और उप सचिव मुख्यमंत्री के पद से हटाकर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन/नजूल) ऊधमसिंह नगर की जिम्मेदारी दी गई है। जितेंद्र कुमार को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून एवं विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी बनाया गया है।
नूपुर वर्मा को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी से नगर आयुक्त रुद्रपुर, कमलेश मेहता को डिप्टी कलेक्टर टिहरी से अपर जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग और विनोद कुमार को डिप्टी कलेक्टर देहरादून से अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ऊधमसिंह नगर बनाया गया है।
वहीं, गोपाल राम बिनवाल को नगर आयुक्त रुद्रपुर से उप मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार की जिम्मेदारी दी गई है।
शासन के आदेश के अनुसार सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।



