हल्द्वानी। बरसात, दैवीय आपदा और आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिली है। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष मुकेश बोरा की पहल पर दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने 14 सितंबर 2026 को जारी पशु आहार की दरों में वृद्धि और अनुदान में संशोधन संबंधी आदेश को अग्रिम आदेश तक स्थगित कर दिया है। इस फैसले से नैनीताल जिले के करीब 34 हजार और पूरे प्रदेश के लगभग 55 हजार दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को राहत मिलने की बात कही गई है।
मुकेश बोरा ने पशुपालकों पर बढ़ रहे आर्थिक दबाव को देखते हुए दुग्ध विकास मंत्री को पत्र भेजकर दर वृद्धि संबंधी आदेश पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बरसात और दैवीय आपदा के कारण पशुपालकों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में पशु आहार की कीमतों में वृद्धि से उन पर अतिरिक्त भार पड़ता।
बताया गया कि 14 सितंबर के आदेश में पशु-पक्षी आहार, मिनरल मिक्सचर, कॉम्पैक्ट फीड तथा साइलेज-भूसा की दरों में वृद्धि की गई थी। मामले का संज्ञान लेते हुए मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सचिव डेयरी विकास विभाग और प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ को निर्देश जारी कर मूल्य वृद्धि पर रोक लगाई। मुकेश बोरा ने कहा कि आदेश स्थगित होने से प्रदेश के हजारों दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को मौजूदा परिस्थितियों में आर्थिक राहत मिली है। उन्होंने पशुपालकों के हित में लिए गए निर्णय के लिए दुग्ध विकास मंत्री का आभार व्यक्त किया।


