हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में शहर के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े 18 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में 10 हजार नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने, नए ग्रामीण क्षेत्रों में कमर्शियल टैक्स की छूट बढ़ाने, डीके पार्क का सौंदर्यीकरण कराने और विभिन्न विकास कार्यों को गति देने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। वहीं, सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भागीरथी बिष्ट धरने पर बैठ गईं, जबकि पार्षद प्रीति आर्या ने शिल्पकार सेवा संस्थानों के संचालन से जुड़े प्रस्ताव पर विरोध दर्ज कराया।
बैठक में शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए ईएसएल कंपनी से 10 हजार नई स्ट्रीट लाइटें खरीदने का निर्णय लिया गया। नगर निगम में शामिल नए ग्रामीण क्षेत्रों को कमर्शियल टैक्स में दी जा रही छूट की अवधि 31 दिसंबर 2026 तक बढ़ाने पर सहमति बनी। इसके अलावा नगर निगम की दुकानों के किराये में छूट बढ़ाने, बनभूलपुरा स्थित पुराना मीट मार्केट की गली नंबर-12 का पुनर्निर्माण कराने और निगम की दुकानों का सर्वे करने के प्रस्ताव भी पारित किए गए। नजूल से जुड़े महत्वपूर्ण अभिलेखों के संरक्षण का निर्णय भी लिया गया।
शहर की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डीके पार्क का सौंदर्यीकरण जिला विकास प्राधिकरण के माध्यम से कराया जाएगा। शनि बाजार मोड़ पर सड़क चौड़ीकरण के दौरान ध्वस्त हुई दुकानों का पुनर्निर्माण करने और गौला रोखड़ स्थित झील विकास प्राधिकरण की भूमि पर प्लास्टिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिली।
काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज में अनुसूचित जाति के छात्रों के लिए छात्रावास निर्माण तथा कॉलेज के शिक्षकों के वेतन में वृद्धि के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। बैठक में कबाड़ी और बढ़ई के ट्रेड लाइसेंस शुल्क में संशोधन, कम्युनिटी हॉल को नगर निगम के नियंत्रण में लेने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुमोदन और फ्रेश वेस्ट प्लांट के पूर्व स्वीकृत कार्यों को वर्तमान दरों पर कराने सहित अन्य प्रस्तावों पर भी निर्णय लिया गया।
बोर्ड बैठक में सफाई व्यवस्था को लेकर पार्षद भागीरथी बिष्ट ने नाराजगी जताई। उन्होंने वार्डों में सफाई व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर विरोध दर्ज कराया और बैठक के दौरान धरने पर बैठ गईं। उन्होंने कहा कि सफाई से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं हो रहा है। वहीं, बैठक में कई विभागीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर भी पार्षदों ने सवाल उठाए। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की बात कही।
राजेंद्र नगर वार्ड-12 की पार्षद प्रीति आर्या ने बैठक में पांच सूत्रीय मांगें रखते हुए सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियों की सड़कों का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़कों की बदहाल स्थिति से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
प्रीति आर्या ने बोर्ड के प्रस्ताव संख्या-14 पर आपत्ति जताते हुए इसे निरस्त करने की मांग उठाई। उन्होंने राजेंद्र शिल्पकार सेवा संस्थान-शीशमहल कम्युनिटी हॉल और वार्ड-12 स्थित शिल्पकार सेवा संस्थान का संचालन संबंधित समितियों एवं शिल्पकार समाज के पास ही बनाए रखने की मांग की। उन्होंने कहा कि कुमाऊं का शिल्पकार समाज आजादी से पहले से इन संस्थानों का संचालन करता आ रहा है। ऐसे में इनके संचालन से जुड़े अधिकारों में बदलाव करना समाज के हितों के खिलाफ है। उन्होंने इसे अनुसूचित समाज के सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए प्रस्ताव पर पुनर्विचार की मांग की।
बैठक में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने शासन की ओर से नामित पार्षद दिनेश सिंह बिष्ट और संजय भोजक को शपथ दिलाई। उन्होंने दोनों का बोर्ड में स्वागत करते हुए कहा कि नगर निगम शहर के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले 18 माह में जनता और पार्षदों की ओर से उठाई गई समस्याओं तथा विकास संबंधी प्रस्तावों को प्राथमिकता से लिया गया है। बोर्ड बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा कर सहमति के आधार पर निर्णय लिए गए। बैठक में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वित्त अधिकारी स्मिता जोशी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर टोलिया, पार्षद गणेश भट्ट, नवल नौटियाल, महेश पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।



