हल्द्वानी। सचिव मुख्यमंत्री एवं आयुक्त कुमाऊं मंडल दीपक रावत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पिथौरागढ़ की सप्तम बोर्ड बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित व्यय और विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
बैठक में प्राधिकरण के स्थायी प्रशासनिक भवन के निर्माण तथा निर्मित बहुमंजिला पार्किंग में ईवी चार्जिंग और ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित करने के निर्देश दिए गए। जनहित में प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न स्थलों पर सौंदर्यीकरण, पार्क, ओपन जिम, स्ट्रीट लाइट, ऑडिटोरियम और खेल संबंधी अवस्थापना सुविधाओं के विकास को लेकर स्वीकृति एवं आंगणन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा रास्तों और नालों के निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों पर आवश्यकतानुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने के कार्यों पर भी चर्चा हुई।
बैठक में शासनादेशों को अंगीकृत करने और प्राधिकरण के नियमित कार्मिकों के लिए राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना लागू करने की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही भविष्य में क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप वृहद आवासीय परियोजनाओं के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए गए। वर्चुअल बैठक में जिलाधिकारी एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आशीष भट्टगई, सचिव जिला स्तरीय प्राधिकरण योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



