उत्तराखंड में मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। करीब 25 वर्षीय युवती के गर्भवती होने के बाद घटना का खुलासा हुआ। युवती ने होली के आसपास रामनगर में दो-तीन लोगों पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। फिलहाल युवती को उपचार के लिए हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला नैनीताल जिले के रामनगर का है। जानकारी के अनुसार, पिछले करीब आठ से नौ महीनों से मानसिक रूप से कमजोर युवती रामनगर के अलग-अलग क्षेत्रों में घूमती दिखाई दे रही थी। कुछ समय पहले वह काशीपुर में रोडवेज बस अड्डे के पास मिली। उस समय युवती पेट दर्द से बुरी तरह परेशान थी। इसकी सूचना किसी व्यक्ति ने सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल को दी।
डॉक्टरों की जांच में गर्भवती होने की पुष्टि
सूचना मिलने पर मुकेश सुयाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवती की गंभीर हालत को देखते हुए उसे चिकित्सकों के पास ले जाया गया। जांच के दौरान डॉक्टरों ने युवती के गर्भवती होने की पुष्टि की। इसके बाद मुकेश सुयाल ने उसे तत्काल हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी।
होली के आसपास रामनगर में दुष्कर्म का आरोप
सामाजिक कार्यकर्ता मुकेश सुयाल के अनुसार, युवती से बातचीत करने पर उसने खुद को पौड़ी गढ़वाल का निवासी बताया। युवती मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण अपनी बात स्पष्ट रूप से नहीं रख पा रही थी। हालांकि, उसने बताया कि होली के आसपास रामनगर में दो-तीन लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती के गर्भवती होने के बाद इस मामले की गंभीरता सामने आई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। महिला सेल को भी इसकी जानकारी दी जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



