नैनीताल पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है। रामनगर में घर और रिसॉर्ट में हुई चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा किया गया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है, जिसने एक किशोर के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई है। मामले का खुलासा एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मंगलवार को कोतवाली रामनगर में किया।
एसएसपी ने बताया कि 15 दिसंबर को सुमन पत्नी नरेंद्र, निवासी लखनपुर, रामनगर ने कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को वह दिल्ली गई थीं और 11 दिसंबर को वापस लौटने पर घर के अंदर से दो सोने के कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्कुट चोरी पाए गए। मामले में थाना रामनगर में एफआईआर संख्या 414/25 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर 16 दिसंबर को चोरपानी क्षेत्र में रेलवे भूमि के खाली मैदान से नवदीप शर्मा पुत्र अनुज शर्मा, निवासी आरके पुरम पीरूमदारा, रामनगर को गिरफ्तार किया। उसके साथ एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से बरामद जेवरातों की शिनाख्त पीड़िता द्वारा की गई। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई है।
दूसरा मामला टियारा रिसॉर्ट रामनगर का है, जहां 3 नवंबर 2025 को विवाह समारोह के दौरान एक बैग से सोने के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन चोरी हो गया था। इस संबंध में विकास अग्रवाल निवासी संभल, उत्तर प्रदेश की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 400/25 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नैनीताल ने विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को मध्य प्रदेश के कुख्यात सांसी गैंग की संलिप्तता के साक्ष्य मिले। पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश दी, जहां आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। हालांकि मौके से चोरी का बैग बरामद कर लिया गया, जिसमें 12 लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और कान की बालियां शामिल थीं।
पुलिस के अनुसार सांसी गैंग के सदस्य बड़े होटल और रिसॉर्ट में विवाह समारोह के दौरान मेहमान बनकर शामिल होते हैं और मौका मिलते ही नकदी और बहुमूल्य आभूषण चोरी कर फरार हो जाते हैं।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।


