उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने वाला एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने जा रहा है। इसके चलते राज्य के कुछ हिस्सों में अगले तीन दिनों तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 8 फरवरी को एक पश्चिमी विक्षोभ राज्य में प्रवेश करेगा, जिसके प्रभाव से ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 9 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
10 फरवरी को भी इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
यही नहीं, 11 फरवरी को भी मौसम खराब बना रह सकता है। इस दिन भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को पहाड़ी इलाकों में यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।


