उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक लगातार बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर जारी है, जिससे पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है और मौसम सुहावना हो गया है।
बुधवार सुबह से ही कई जिलों में बारिश शुरू हो गई, जबकि यमुनोत्री धाम में लगातार बर्फबारी देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक प्रदेश में इसी तरह का मौसम बना रह सकता है। बादलों की आवाजाही, हल्की से मध्यम बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान सामान्य से नीचे रहने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 अप्रैल के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में बिजली चमकने, ओलावृष्टि और करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा, प्रदेश के अन्य जिलों में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदले मिजाज ने जहां लोगों को चौंकाया है, वहीं गर्मी से राहत भी दिलाई है।


