उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। करीब एक सप्ताह से जारी शुष्क मौसम के बाद शुक्रवार को पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का भी अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 अक्तूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम बदलने का असर तापमान पर भी पड़ सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश के बाद पहाड़ों में ठंड बढ़ने के साथ मैदानी इलाकों के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को सुबह और शाम के समय अधिक ठंड महसूस हो सकती है।


