उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे सड़क हादसों में लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ताजा मामला हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र का है, जहां ऊंचे पुल पर स्कूल बस की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई।
मृतका की पहचान शीबा निवासी शेरकोट, बिजनौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शीबा सुबह नौकरी के लिए जा रही थीं। इसी दौरान ऊंचे पुल पर एक स्कूल बस ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर मारने वाली बस किसी नामी स्कूल की बताई जा रही है। हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने स्कूल बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बस और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


