उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। प्रदेशभर में दिन के समय तेज धूप निकलने से नवंबर में भी गर्मी का अहसास हो रहा है। अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर चल रहा है। हालांकि, सुबह और रात के समय ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। पहाड़ी इलाकों में पाला पड़ने लगा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह हल्का कोहरा छाने लगा है।
मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के तीन पर्वतीय जिलों में मौसम बदलने की संभावना जताई है। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक भी प्रदेश में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मैदानी इलाकों में बारिश के आसार कम हैं और अधिकांश जगहों पर धूप खिली रह सकती है।
दिन में धूप से राहत मिलने के बावजूद सुबह-शाम ठंड का असर बढ़ रहा है। ऐसे में पहाड़ों में पाले और मैदानों में कोहरे के चलते वाहन चालकों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।


