उत्तराखंड में इबोला वायरस को लेकर स्वास्थ्य महकमा अलर्ट मोड में आ गया है। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए उत्तराखंड शासन ने प्रदेशभर में स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित खतरे को देखते हुए प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों की 21 दिनों तक निगरानी की जाएगी। इसके लिए जिला सर्विलांस इकाइयों को पोर्टल के माध्यम से यात्रियों की सूची प्राप्त कर प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य का रिकॉर्ड अपडेट करने को कहा गया है।
चिकित्सा विभाग के सचिव के निर्देशों के अनुसार, प्रदेश के अस्पतालों में संक्रमण से निपटने के लिए आइसोलेशन वार्ड, समर्पित एंबुलेंस और प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इसके अलावा पीपीई किट, एन-95 मास्क और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश को समर्पित आइसोलेशन अस्पताल बनाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने संदिग्ध मरीजों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी 21 दिनों तक निगरानी करने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। प्रभावित देशों से लौटने वाले यात्रियों से अपील की गई है कि वे 21 दिनों तक अपने स्वास्थ्य पर नजर रखें। बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें और अपनी यात्रा का पूरा विवरण दें।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों के करीब 15 से अधिक परिवारों के सदस्य दक्षिण अफ्रीका में रहते हैं। हालांकि, इनमें से कोई भी व्यक्ति पिछले एक माह के दौरान भारत नहीं आया है। ऐसे में फिलहाल काशीपुर और आसपास के क्षेत्रों में इबोला संक्रमण का कोई संदिग्ध मामला सामने नहीं आया है।
इबोला के इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज
इबोला संक्रमण की आशंका होने पर अचानक तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी, थकान, मांसपेशियों और शरीर में दर्द, सिरदर्द, गले में खराश, उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। गंभीर स्थिति में नाक या मसूड़ों से खून आना, आंखें लाल होना, त्वचा पर लाल धब्बे पड़ना, खून की उल्टी और मल में खून आने की शिकायत भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
स्वास्थ्य निदेशक कुमाऊं डॉ. केके अग्रवाल ने बताया कि इबोला को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। कुमाऊं मंडल के सभी सीएमओ और सीएमएस को निगरानी रखने तथा आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।



