उत्तराखंड से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजधानी देहरादून की एक छात्रा ने दो निजी शिक्षण संस्थानों के संचालकों और एक सुरक्षा गार्ड पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रा का आरोप है कि संस्थान में तैनात गार्ड उस पर बुरी नजर रखता था और करीब एक माह पहले ग्राउंड फ्लोर पर शटर गिराकर उसे बंधक बनाने की कोशिश भी की गई, हालांकि वह किसी तरह वहां से भागने में सफल रही।
छात्रा का कहना है कि उसने इस घटना की शिकायत अपने शिक्षण संस्थान और उसी परिसर में संचालित एक अन्य संस्थान के संचालकों से की, लेकिन उन्होंने गार्ड के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। उल्टा गार्ड को मानसिक रूप से कमजोर बताकर मामले को टालने की कोशिश की गई। आरोप है कि बार-बार शिकायत करने पर संचालकों ने छात्रा को ही मानसिक इलाज कराने की सलाह दी और उसका प्रमाणपत्र रोकने की धमकी भी दी।
मामले में छात्रा की शिकायत पर बुधवार को शहर कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाली प्रभारी प्रदीप पंत ने बताया कि छात्रा बालिग है और उसकी शिकायत के आधार पर सभी आरोपितों के बयान दर्ज कर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।


