उत्तराखंड में मौसम में बदलाव के साथ पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई है। 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं गरज के साथ बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश होने या ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। वहीं, 26 अक्टूबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। इसके बाद 27 से 29 अक्टूबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। फिलहाल किसी भी जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।



