हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने अपनी स्वर्गीय माताजी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश की विकासवादी सोच को आगे बढ़ाते हुए वार्ड संख्या 9 स्थित कलावती कॉलोनी में 14.83 लाख रुपये की लागत से होने वाले सीसी रोड और नाली निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। विधायक निधि से स्वीकृत इस निर्माण कार्य के पूरा होने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही जल निकासी व्यवस्था भी बेहतर होगी।
इस दौरान वार्ड पार्षद राजेंद्र जीना सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद लोगों को आवागमन में राहत मिलने के साथ क्षेत्र की बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार होगा।
इस अवसर पर विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि उनकी माताजी स्वर्गीय डॉ. इंदिरा हृदयेश ने हमेशा हल्द्वानी के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने कार्यों से विकास की मजबूत नींव रखी। उनके विकास के संकल्प और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाते हुए वह हल्द्वानी के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना और प्रत्येक क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। हल्द्वानी के विकास के लिए वह पहले भी तत्पर थे, आज भी हैं और भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम में महेश सिंह, अखिलेश सिंह, मुन्नी जोशी, रमेश जोशी, रेणु जोशी, लक्ष्मण सिंह, गरिमा पांडे, चंपा पांडे, मीना बसेरा, कमलापति पांडे, प्रकाश पांडेय, विनोद दानी, नितिन भट्ट, सावित्री पांडे, हिमांशी पांडे सहित अनेक स्थानीय लोग मौजूद रहे।



