उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वतंत्रता दिवस-2026 के अवसर पर पुलिस विभाग के 14 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए “मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक” प्रदान किए जाने की घोषणा की है। इनमें आठ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का चयन सेवा के आधार पर, जबकि छह का चयन विशिष्ट कार्यों के लिए किया गया है।
डीजीपी दीपम सेठ ने पदक के लिए चयनित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पुलिस कार्मिकों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट सेवाभाव का सम्मान है। इससे पुलिस बल के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी अपने दायित्वों का और अधिक निष्ठा व समर्पण के साथ निर्वहन करने की प्रेरणा मिलेगी।
सेवा के आधार पर मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक के लिए पुलिस महानिरीक्षक साइबर/एसटीएफ उत्तराखंड नीलेश आनंद भरणे, अपर पुलिस अधीक्षक पुलिस दूरसंचार नैनीताल रेवाधर मठपाल, पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय/विधानसभा सुरक्षा भास्कर लाल शाह, पुलिस उपाधीक्षक चमोली त्रिवेन्द्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक पुलिस मुख्यालय मनीष जस्वाल, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय गिरीबर सिंह रावत, निरीक्षक नागरिक पुलिस पुलिस मुख्यालय मोहम्मद यासीन और गुल्मनायक 40वीं वाहिनी पीएसी दिनेश चन्द्र का चयन किया गया है।
विशिष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक पाने वालों में निरीक्षक अभिसूचना एलआईयू देहरादून स्वर्गीय मनोज मनराल को मरणोपरांत, उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस टिहरी गढ़वाल स्वर्गीय विनोद कुमार को मरणोपरांत, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक उत्तराखंड सुनील कुमार मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम पुलिस थाना देहरादून शान्तनु पराशर और पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना मनोज असवाल शामिल हैं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इन सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि ऐसे सम्मान पुलिस बल में बेहतर कार्य करने की भावना को बढ़ावा देते हैं और जवानों को जनसेवा के प्रति और अधिक समर्पित होकर काम करने के लिए प्रेरित करते हैं।


