नैनीताल स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम में 15 जून को आयोजित होने वाले वार्षिक स्थापना दिवस मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और व्यवस्थाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें पुलिस, जिला प्रशासन, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और प्रभावी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सबसे अधिक ध्यान संभावित भारी श्रद्धालु भीड़ के सुचारू प्रबंधन पर केंद्रित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 10 दिनों के लिए विस्तृत यातायात और रूट प्लान तैयार किया जाए तथा उसे व्यवस्थित तरीके से लागू किया जाए, ताकि किसी प्रकार की जाम या अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। साथ ही मेला क्षेत्र को जोनल और सेक्टर सिस्टम में विभाजित कर भीड़ प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
उन्होंने पार्किंग व्यवस्था को मेले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि इसका संचालन पूरी तरह सुव्यवस्थित और नियंत्रित तरीके से किया जाए। पार्किंग स्थलों की स्पष्ट जानकारी, रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालु पहले से ही आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।
मुख्य सचिव ने यह भी निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र और पार्किंग स्थलों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे सभी मूलभूत कार्य समय पर पूरे किए जाएं। मल्टीलेवल पार्किंग में वाहनों के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित करने पर भी विशेष बल दिया गया, जिससे यातायात सुचारू बना रहे।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने पार्किंग क्षेत्रों से मंदिर तक शटल सेवा की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही सड़कों की मरम्मत, ब्लैक टॉपिंग और वैकल्पिक मार्गों की तैयारी को भी प्राथमिकता पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी निकासी योजना तैयार रखने और सुरक्षा बलों को पूरी तरह प्रशिक्षित व ब्रीफ करने पर जोर दिया गया। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं, एम्बुलेंस व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण के लिए सभी विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजुनाथ टी.सी. सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


