उत्तराखंड में बारिश और आंधी-तूफान के बाद मौसम ने करवट ले ली है। लगातार दो दिन हुई बारिश से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान नीचे आ गया है और ठंड महसूस होने लगी है। वहीं, मैदानी इलाकों में मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के इन तीन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा अन्य जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिल सकता है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
बारिश के चलते तापमान में आई गिरावट से सुबह और शाम के समय ठंडक बढ़ गई है। खासकर पर्वतीय इलाकों में मौसम का असर अधिक महसूस किया जा रहा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश में 14 अक्टूबर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।



