उत्तराखंड में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक किशोरी ने अपनी सगी मां और सौतेले पिता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि दोनों उसे जबरन देह व्यापार में धकेल रहे थे। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और घर में बंद कर भूखा-प्यासा रखा जाता था। किसी तरह घर से निकलकर पीड़िता रुड़की कोतवाली पहुंची और पुलिस को तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। किशोरी ने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग भी की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
दरअसल, मामला रुड़की शहर के एक मोहल्ले का है। किशोरी ने पुलिस को बताया कि जब वह करीब सात साल की थी, तभी उसके पिता का निधन हो गया था। इसके बाद उसकी मां ने मुजफ्फरनगर जिले के एक गांव निवासी व्यक्ति से दूसरी शादी कर ली। करीब छह साल पहले वह अपनी मां और सौतेले पिता के साथ रुड़की आ गई थी। आरोप है कि रुड़की आने के बाद दोनों का व्यवहार उसके प्रति बदल गया और उसे प्रताड़ित किया जाने लगा।
पीड़िता के मुताबिक, उसकी मां और सौतेला पिता उसके साथ मारपीट करते थे और जबरन गलत गतिविधियों में शामिल होने के लिए दबाव बनाते थे। किशोरी ने आरोप लगाया कि कई बार उसे कलियर, पुरकाजी, भगवानपुर और रुड़की के अलग-अलग होटलों में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म कराया गया। विरोध करने पर उसे घर में बंद कर दिया जाता था और खाना-पानी तक नहीं दिया जाता था। साथ ही किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।
लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर किशोरी किसी तरह घर से निकलने में सफल रही और रुड़की कोतवाली पहुंच गई। यहां उसने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर अपनी आपबीती बताई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उसने पुलिस से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।
सीओ ओशिन जोशी ने बताया कि किशोरी की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है।



