शादी की तैयारियों के बीच हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। जिसमें बारात आने से पहले दुल्हन घर से फरार हो गई। इससे परिवार में हड़कंप मच गया।
यह घटना बिहार के कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में सामने आई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को हाटा शहर निवासी एक युवती की शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रिश्तेदार और मोहल्लेवाले बारात के स्वागत में व्यस्त थे। मांगलिक गीतों के बीच खुशियों का माहौल था, लेकिन सुबह एक ऐसा पल आया जिसने सबको स्तब्ध कर दिया। दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई।
परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो चिंता गहराने लगी। काफी देर तक खोजबीन के बाद भी जब दुल्हन नहीं मिली, तो परिजनों ने घटना की सूचना वर पक्ष को दी। इसके बाद दुल्हन के पिता ने चैनपुर थाना में पहुंचकर बेटी की गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई।
चैनपुर थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और युवती की तलाश की जा रही है। पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई में जुटी है।