हल्द्वानी। नैनीताल जिले से स्थानांतरित होकर अन्य जनपदों में नई जिम्मेदारी संभालने जा रहे छह पुलिस निरीक्षकों को शुक्रवार को भावभीनी विदाई दी गई। मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित समारोह में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों की सेवाओं और कार्यशैली की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
स्थानांतरित होने वाले निरीक्षकों में कालाढूंगी के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार सैनी को ऊधमसिंह नगर, हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता और तल्लीताल के प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह को बागेश्वर भेजा गया है। वहीं भवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश सिंह मेहरा और मुखानी के प्रभारी निरीक्षक सुशील चंद्र जोशी अल्मोड़ा में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। बनभूलपुरा के प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल का स्थानांतरण पिथौरागढ़ जनपद में हुआ है।
समारोह में एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के साथ एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने सभी अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना की। वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि इन निरीक्षकों ने प्रभावी पुलिसिंग, कर्तव्यनिष्ठा और बेहतर व्यवहार के जरिए जनपद में अपनी अलग पहचान बनाई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और वीआईपी ड्यूटी सहित विभिन्न जिम्मेदारियों में उनका योगदान सराहनीय रहा।
इस दौरान अधिकारियों को स्मृति चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया। स्थानांतरित निरीक्षकों ने भी नैनीताल जिले में तैनाती के दौरान मिले सहयोग और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।
एसएसपी ने कहा कि स्थानांतरण विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है। सभी अधिकारियों ने थाना प्रभारियों के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए नैनीताल पुलिस की टीम को मजबूती दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई तैनाती पर भी सभी अधिकारी इसी ऊर्जा और निष्ठा के साथ काम करते हुए विभाग का गौरव बढ़ाएंगे।
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी, थाना और शाखा प्रभारी तथा पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



