उत्तराखंड में शादी से ठीक पहले दूल्हे के अचानक लापता होने से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। बरेली में दुल्हन पक्ष बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटा था, लेकिन तय समय पर बारात नहीं पहुंची। पूछताछ करने पर पता चला कि दूल्हा बुधवार रात से ही लापता है और उसका मोबाइल फोन भी बंद आ रहा है। इसके बाद नाराज दुल्हन पक्ष के लोग देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गए और पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक, रुद्रपुर के प्रीत विहार निवासी युवक का विवाह बरेली की युवती से तय हुआ था। गुरुवार को दोनों की शादी होनी थी। दोनों परिवारों ने विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। घर में शादी की खुशियां थीं और दुल्हन पक्ष बारात का इंतजार कर रहा था। इसी बीच बुधवार रात दूल्हा अचानक घर से कहीं चला गया। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
गुरुवार को जब बारात तय समय पर नहीं पहुंची तो दुल्हन पक्ष ने दूल्हे के परिवार से संपर्क किया। इस दौरान युवक के लापता होने की जानकारी मिलने पर परिवार के लोग सकते में आ गए। खुद को ठगा महसूस कर रहे युवती पक्ष के लोग देर रात रुद्रपुर कोतवाली पहुंच गए।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दूल्हे के परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। वहां दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक नोकझोंक हुई। युवती पक्ष ने कहा कि शादी के लिए सारी तैयारियां पूरी करने के बाद ऐन मौके पर दूल्हे के गायब होने से उन्हें सामाजिक अपमान का सामना करना पड़ा है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में युवती पक्ष ने एसएसआई खुशवंत सिंह से मुलाकात की।



