हल्द्वानी: नगर निगम हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मुंबई के होटल फेयरमोंट में आयोजित थर्ड वर्ल्ड मेयर्स फोरम के सातवें एशियन सिटीज समिट-2026 में हल्द्वानी का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन में देश-विदेश से पहुंचे महापौरों, नीति निर्माताओं और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों ने शहरी विकास एवं नगर प्रशासन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद रहे।
सम्मेलन में शहरी शासन को मजबूत बनाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक के उपयोग, स्वच्छता, सतत विकास, सर्कुलर इकोनॉमी तथा जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों पर चर्चा की गई। विभिन्न शहरों के प्रतिनिधियों ने शहरी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अपने विचार साझा किए।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच शहरों के विकास के लिए नई सोच और आधुनिक दृष्टिकोण उपलब्ध कराते हैं। तकनीक एवं नवाचार का बेहतर इस्तेमाल कर नगर निकायों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन को मजबूत करते हुए शहरों को सुरक्षित, सुगम और नागरिक केंद्रित बनाना समय की आवश्यकता है।
महापौर ने हल्द्वानी की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरवासियों के विश्वास और सहयोग के कारण ही उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर हल्द्वानी का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। उन्होंने शहरी विकास के लिए आधुनिक तकनीक और नवाचार को अपनाने पर जोर दिया।



