उत्तराखंड में मानसून के तेवर अब धीरे-धीरे नरम पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मानसून की रफ्तार में बदलाव आने वाला है। रविवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश हुई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। हालांकि, कुछ पर्वतीय जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक रविवार को बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार 14 सितंबर के बाद प्रदेश में मानसून की गतिविधियां धीमी पड़ने की संभावना है। हालांकि, मानसून की विदाई के लिए अभी कुछ और इंतजार करना होगा। फिलहाल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं।
बारिश का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। खराब मौसम के कारण दिल्ली, मुंबई और जयपुर से आने वाली कुछ उड़ानें निर्धारित समय पर लैंड नहीं कर सकीं और आसमान में चक्कर काटती रहीं। मौसम साफ होने के बाद उड़ानों के संचालन में सुधार की उम्मीद है।


