उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात रायवाला थाना क्षेत्र में खांड गांव पुलिया के पास ट्रक और लोडर वाहन की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद लोडर सड़क पर पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार दो अन्य लोग मामूली रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों वाहन देर रात हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खांड गांव पुलिया के पास ओवरटेक करने के दौरान लोडर चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद लोडर ट्रक से टकराकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची रायवाला पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन का निरीक्षण किया तो उसमें तीन लोग सवार मिले। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य लोग घायल थे। पुलिस ने घायलों की स्थिति का जायजा लेने के साथ आवश्यक कार्रवाई की और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 22 वर्षीय देव सैनी निवासी किशनगढ़, अमरोहा के रूप में हुई है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों के अनुसार, देव परिवार का बड़ा बेटा था और घर की आजीविका चलाने की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी शादी महज आठ महीने पहले हुई थी। कम उम्र में परिवार का सहारा छिनने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।



