नैनीताल जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। वाहन की नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर पहचान छिपाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर है। चेकिंग के दौरान पुलिस को ऐसे वाहन भी मिले, जिनके चालकों ने नियमों से बचने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए थे। किसी ने बाइक की पिछली नंबर प्लेट ही हटा दी थी तो किसी ने कार की नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाकर पंजीकरण संख्या छिपा रखी थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जिले में 244 वाहनों के चालान कर 53,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर यातायात और थाना पुलिस की ओर से जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एक मोटरसाइकिल को पकड़ा, जिस पर पीछे की नंबर प्लेट नहीं लगी थी। वाहन की पहचान छिपाने के इस मामले में पुलिस ने मोटरसाइकिल को सीज कर दिया।
वहीं, चेकिंग के दौरान एक कार चालक की भी चालाकी सामने आई। कार की आगे लगी फैंसी नंबर प्लेट पर नींबू-मिर्च लगाए गए थे, जिससे पंजीकरण नंबर ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने पर कार चालक के खिलाफ 10,500 रुपये का चालान किया।
एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने स्पष्ट किया कि नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर वाहन की पहचान छिपाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



