हल्द्वानी: मुखानी क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस और प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अपराध में प्रयुक्त त्रिशूल होमस्टे को सील कर दिया है। इससे पहले एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि नाबालिग को बिना पहचान पत्र का सत्यापन किए होमस्टे में कमरा उपलब्ध कराया गया था। इसी परिसर का इस्तेमाल पॉक्सो अधिनियम से जुड़े अपराध को अंजाम देने में किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पूरे होमस्टे परिसर को सील कर दिया।
प्रशासन की ओर से होमस्टे के संचालन और अन्य अनियमितताओं की भी जांच की जा रही है। इनके संबंध में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस और जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। अपराधियों के साथ-साथ उन्हें ठिकाना उपलब्ध कराने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।



