उत्तराखंड में रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बारात में जा रहा एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार, हादसा रुद्रप्रयाग जिले के जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के पास हुआ। रविवार 22 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे पुलिस कंट्रोल रूम को वाहन के खाई में गिरने की सूचना मिली। ईको वाहन संख्या UK13TA-4410 कुरछोला से जखोली की ओर शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान अर्जुन बैंड के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, दुर्घटना में वाहन चालक विजय सिंह पंवार उर्फ नत्थू (41) निवासी जखोली, बसंती देवी (52) पत्नी कार्तिक और सुनीता देवी (35) पत्नी भरत सिंह, दोनों निवासी तैला की मौत हो गई।
हादसे में सतपाल सिंह पुत्र सुंदर सिंह निवासी कुनियाली गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा शिवानी (15) पुत्री शूरवीर सिंह और दिव्यांशी (13) पुत्री राकेश सिंह रावत, दोनों निवासी कुरछोला, अंजलि (26) निवासी जखोली बड़मा तथा सुमीता पत्नी सतपाल निवासी कुनियाली घायल हुई हैं। घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में उपचार के लिए पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।



