हल्द्वानी के बुजुर्ग कारोबारी दंपती से कथित हनीट्रैप, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपये की अवैध वसूली के मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने आरोपी महिला को अंतरिम राहत दी है। न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकल पीठ ने महिला की गिरफ्तारी पर बुधवार तक रोक लगा दी है। साथ ही राज्य सरकार को मामले में निर्देश प्राप्त कर बुधवार को अदालत के समक्ष पक्ष रखने को कहा है।
मामले के अनुसार, हल्द्वानी निवासी एक बुजुर्ग कारोबारी ने एक महिला समेत छह लोगों पर हनीट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और करोड़ों रुपये की वसूली करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे मोटी रकम वसूली गई। इसके अलावा उसकी संपत्ति भी हड़प ली गई।
पीड़ित कारोबारी ने इस संबंध में एसएसपी नैनीताल को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की थी।
वहीं, मामले में दर्ज एफआईआर को चुनौती देते हुए आरोपी महिला ने हाईकोर्ट में क्रिमिनल पिटीशन दाखिल की थी। याचिका में महिला की ओर से एफआईआर के तथ्यों को अदालत के सामने रखते हुए गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की गई।
सुनवाई के दौरान अदालत ने याचिकाकर्ता, राज्य सरकार और शिकायतकर्ता पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलें सुनीं। इसके बाद एकल पीठ ने फिलहाल महिला की गिरफ्तारी पर रोक लगाते हुए राज्य सरकार से मामले में निर्देश लेकर अगली सुनवाई पर पक्ष रखने को कहा। मामले में हाईकोर्ट का अंतरिम आदेश फिलहाल बुधवार तक प्रभावी रहेगा।



