हल्द्वानी में पूर्व सैनिक की जमीन से जुड़े विवाद में रिश्वत मांगने के आरोप ने राजस्व विभाग में हड़कंप मचा दिया है। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कानूनगो रमेश चंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। कर्मचारी पर जमीन का निरीक्षण करने के एवज में 9,700 रुपये और बाद में काम जल्द कराने के नाम पर 50 हजार रुपये मांगने का आरोप है।
मामला हिम्मतपुर तल्ला क्षेत्र का है। यहां पूर्व सैनिक तनोज तिवारी ने अपने प्लॉट की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत प्रशासन से की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उनकी करीब 440 वर्ग फीट जमीन पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। उन्होंने राजस्व विभाग से जमीन की पैमाइश और सीमांकन कराने की मांग की थी।
पूर्व सैनिक ने 14 नवंबर 2026 को व्हाट्सएप के माध्यम से राजस्व निरीक्षक को शिकायत भेजी थी। इसके बाद 20 नवंबर को उन्हें कार्यालय बुलाकर विवादित जमीन का निरीक्षण किया गया। आरोप है कि इस दौरान कानूनगो ने पहले निरीक्षण के नाम पर 9,700 रुपये मांगे और फिर दस्तावेज लेने व तत्काल कार्रवाई कराने के लिए 50 हजार रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता ने इसकी जानकारी प्रशासन को दी।
शिकायत सामने आने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू की। पूर्व सैनिक ने तहसीलदार कार्यालय पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। वहीं, संबंधित कानूनगो से भी स्पष्टीकरण लिया गया। एसडीएम की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में शिकायत के आरोपों की पुष्टि होने पर डीएम ने निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
गौरतलब है कि रमेश चंद्र का नाम पूर्व में हरिद्वार नगर निगम की जमीन से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले की जांच में भी सामने आ चुका है। इसके बाद उनका तबादला हल्द्वानी किया गया था। डीएम ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें तहसील रामनगर से संबद्ध किया गया है।



