उत्तराखंड में तेज रफ्तार और लापरवाही का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कभी लापरवाही तो कभी तेज रफ्तार हादसों की वजह बन रही है। ताजा हादसा नैनीताल जिले के रामनगर में हुआ है। यहां नेशनल हाईवे-309 पर चिल्किया के पास देर रात तेज रफ्तार कार ने सवारियों से भरे ऑटो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क पर कई बार पलट गया। हादसे में 50 वर्षीय रुखसाना की मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय चांदनी का पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। हादसे में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, रामनगर के खताड़ी निवासी रुखसाना परिवार के सदस्यों के साथ ऑटो संख्या UK18TA-1804 में सवार होकर पीरूमदारा में एक शादी समारोह में जा रही थीं। ऑटो में छोटे बच्चों समेत करीब 12 लोग सवार थे। चिल्किया के पास राइस मिल के नजदीक पीछे से आई स्विफ्ट डिजायर कार संख्या UK19TA-1298 ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रुखसाना को मृत घोषित कर दिया। डॉ. अभिषेक अग्रवाल के अनुसार, हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल लाया गया था। इनमें दो की हालत गंभीर है। एक घायल के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि चांदनी के पैर को बचाने के लिए नसें जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अन्य घायलों को फ्रैक्चर हुए हैं। कुछ घायलों का दूसरे अस्पतालों में भी उपचार चल रहा है।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ऑटो में क्षमता से अधिक सवारियां होने की बात भी सामने आई है। हादसे के बाद मृतका के परिवार में मातम पसरा हुआ है।



