उत्तराखंड में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुमाऊं रेंज एसओटीएफ और किच्छा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 283 ग्राम अवैध स्मैक बरामद करने का दावा किया है। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखंड” अभियान के तहत कुमाऊं मंडल में मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसओटीएफ और कोतवाली किच्छा की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अकबर पुत्र बन्ने अली, निवासी रहमानपुर, थाना बिसारगंज, जिला बरेली, उत्तर प्रदेश, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 283 ग्राम स्मैक बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस कार्रवाई में प्रभारी एसओटीएफ कुमाऊं रेंज मय टीम, उपनिरीक्षक पवन जोशी, कोतवाली किच्छा तथा कांस्टेबल उमेद गिरी, चौकी दरऊ शामिल रहे।
आईजी कुमाऊं रेंज निवेदिता कुकरेती ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


