उत्तराखंड में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था संभाल रहे पुलिसकर्मी के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि धर्मनगरी हरिद्वार में बैरागी कैंप की ओर जाने से रोके जाने पर कार सवार दंपति ने ड्यूटी पर तैनात एएसआई के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। इस दौरान महिला ने एएसआई को थप्पड़ जड़ दिया, जबकि उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी पर रौब झाड़ा और धमकी दी। पुलिस ने एएसआई की तहरीर पर दंपति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इसी दौरान एक कार सवार दंपति बैरागी कैंप की ओर जाने लगा। ड्यूटी पर तैनात एएसआई ने यातायात व्यवस्था के तहत उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इस बात पर दंपति नाराज हो गया और पुलिसकर्मी से बहस करने लगा।
आरोप है कि बहस के दौरान दंपति ने एएसआई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। इसी बीच महिला ने एएसआई को थप्पड़ मार दिया। वहीं, उसके पति ने खुद को मेजर बताते हुए पुलिसकर्मी को धमकाया। दंपति ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश भी की। घटना के बाद एएसआई ने कनखल पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की शिकायत की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति-पत्नी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



