उत्तराखंड में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। महज 28 वर्षीय महिला के नौवीं बार मां बनने की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हलचल मच गई है। बताया गया है कि महिला के शुरुआती आठ प्रसव घर पर ही हुए और इस दौरान न तो स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई और न ही परिवार ने किसी तरह की चिकित्सकीय सहायता ली। मामला तब सामने आया जब नौवें प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने लगी। अब प्रशासनिक जांच में महिला के नौ बच्चों में से दो के घर पर मौजूद नहीं मिलने से मामला और गंभीर हो गया है।
मामला पौड़ी जिले के कल्जीखाल क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब 14 वर्ष पहले हुई थी। 28 वर्ष की उम्र तक वह पांच बेटों और चार बेटियों को जन्म दे चुकी है। लगातार गर्भधारण और पर्याप्त पोषण नहीं मिलने के कारण महिला का स्वास्थ्य बेहद कमजोर हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, महिला के शरीर में खून और जरूरी पोषक तत्वों की भारी कमी है। उसके शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग को महिला की नौवीं गर्भावस्था के दौरान मामले की जानकारी मिली थी। छह अक्टूबर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर उसकी जांच की। इस दौरान महिला का वजन महज 38 किलोग्राम और हीमोग्लोबिन स्तर सात ग्राम प्रति डेसीलीटर पाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे अत्यधिक जोखिम वाली गर्भावस्था की श्रेणी में रखा गया और परिवार को अस्पताल में ही प्रसव कराने की सलाह दी गई। हालांकि, आरोप है कि पति अस्पताल में जांच और प्रसव कराने को लेकर आनाकानी कर रहा था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन को मामले से अवगत कराया और महिला की निगरानी शुरू की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 22 अक्टूबर को प्रसव पीड़ा होने पर महिला को 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घंडियाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसने बालक को जन्म दिया। नवजात का वजन करीब तीन किलोग्राम बताया गया। इसके बाद जच्चा और बच्चे को अस्पताल में सुरक्षित रखा गया तथा आशा कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी निगरानी करती रही।
जांच के दौरान 15 नवंबर को यह भी सामने आया कि महिला के पास आधार कार्ड नहीं है। इसके चलते उसे जननी सुरक्षा योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा था। वहीं, बच्चों को भी सरकारी पोषाहार नहीं मिलने की जानकारी सामने आई। मामला तब और गंभीर हो गया जब प्रशासन और संबंधित विभागों की टीम महिला के घर पहुंची। परिवार में नौ बच्चे बताए गए थे, लेकिन मौके पर केवल छह बच्चे ही मिले। दो बच्चों के घर पर नहीं होने की जानकारी के बाद जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने स्वास्थ्य विभाग और बाल कल्याण विभाग की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए हैं। टीम को महिला और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने के कारणों तथा घर पर नहीं मिले बच्चों की स्थिति का पता लगाने को कहा गया है।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद संयुक्त टीम गठित की गई है। टीम यह जांच कर रही है कि इतनी गंभीर स्थिति कैसे बनी और इसमें कहां चूक हुई। उधर, सीएमओ के निर्देश पर राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की टीम ने भी महिला का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सीएचसी घंडियाल की प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. मीनाक्षी वर्मा के अनुसार, लगातार गर्भधारण और प्रसव के कारण महिला का शरीर बेहद कमजोर हो गया है। उसे पर्याप्त पोषण नहीं मिल पा रहा है और प्रसव के बाद उसकी स्थिति में गिरावट आई है। उसकी मानसिक स्थिति को लेकर भी चिंता है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला को जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। सीएमओ डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि महिला के लिए अपने स्तर से पोषाहार की व्यवस्था भी की गई है और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है।



