उत्तराखंड में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। रेलवे ट्रैक के पास करीब 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। युवक का सिर और धड़ ट्रैक के दोनों ओर अलग-अलग स्थानों पर पड़े मिले। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर पहुंची पंतनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में रिंग रोड के नीचे रेलवे ट्रैक के पास युवक का शव पड़े होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि रेलवे ट्रैक के एक ओर युवक का धड़ पड़ा हुआ था, जबकि दूसरी ओर उसका सिर मिला। शव की स्थिति देखकर लोग हैरान रह गए। कुछ ही देर में घटना की खबर आसपास के क्षेत्र में फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पंतनगर थाना पुलिस के साथ पंतनगर-सिडकुल प्रभारी निरीक्षक हेमंत कठैत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाई। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि युवक की मौत से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
प्रथम दृष्टया पुलिस युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होने की आशंका जता रही है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है। फॉरेंसिक टीम की जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



