नैनीताल। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर पालिका परिषद नैनीताल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अधिशासी अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी स्ट्रीट लाइटों का वार्डवार सर्वे कर उनकी स्थिति का विवरण तैयार करने को कहा है।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रत्येक वार्ड में कुल स्ट्रीट लाइटों, चालू लाइटों और खराब पड़ी लाइटों की संख्या का स्पष्ट विवरण तैयार किया जाए। साथ ही खराब लाइटों को ठीक कराने के लिए की गई कार्रवाई की भी वार्डवार रिपोर्ट तैयार करने को कहा।
उन्होंने प्रतिदिन की कार्ययोजना बनाकर नगर पालिका के दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। दोनों कर्मचारी वाहन से विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की जांच करेंगे और खराब व ठीक कराई गई लाइटों की संख्या की दैनिक रिपोर्ट आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराएंगे।
आयुक्त ने कहा कि रात में नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए स्ट्रीट लाइटों का नियमित रूप से चालू रहना जरूरी है। उन्होंने खराब लाइटों की मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने और उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने के निर्देश दिए।


