उत्तराखंड में सर्दी बढ़ने और शीतलहर के साथ पाला पड़ने की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार ने आपदा प्रबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित ठंड से आम जनजीवन प्रभावित न हो और जरूरतमंद लोगों को समय पर राहत मिल सके, इसके लिए जिलाधिकारियों को विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगों और बेघर लोगों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े, कंबल, भोजन और सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था की जाएगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों को ठंड के मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सभी जिलों को संवेदनशील क्षेत्रों और ठंड से प्रभावित होने वाले लोगों की पहचान करने को कहा गया है। ग्राम स्तर तक त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखने की भी तैयारी की जा रही है।
रैन बसेरों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक होंगे इंतजाम
प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि रैन बसेरों और अस्थायी आश्रय स्थलों में लोगों के लिए कंबल, गर्म पानी, पर्याप्त रोशनी, शौचालय और प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा बाजारों, बस अड्डों, अस्पतालों और श्रमिकों की अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि खुले में रहने वाले और जरूरतमंद लोग ठंड से बच सकें।
मौसम चेतावनी और स्वास्थ्य सेवाओं पर रहेगी नजर
आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों में नोडल अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। उनके संपर्क नंबर जिला और राज्य के आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराए जाएंगे। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनियों को समय पर संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचाने के साथ ही मौसम, यातायात, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग को हाइपोथर्मिया और फ्रॉस्टबाइट जैसी ठंड से होने वाली बीमारियों के उपचार के लिए दवाइयां, एंबुलेंस और चिकित्सा दल तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
बर्फबारी वाले इलाकों में मार्च तक जमा होगा राशन और ईंधन
पाले के कारण सड़कों पर फिसलन की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावित मार्गों पर नमक और चूने का छिड़काव किया जाएगा। वहीं, भारी बर्फबारी के कारण जिन क्षेत्रों का संपर्क बाकी इलाकों से कटने की आशंका रहती है, वहां मार्च तक पर्याप्त खाद्यान्न और आवश्यक वस्तुओं का भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा। इनमें पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस भी शामिल हैं।



